खैरथल नगर परिषद और किशनगढ़बास नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद नांगल मोजिया गांव में भाजपा नेताओं का ग्रामीणों ने स्वागत किया। ठेकेदार रवि रसगोन के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, खैरथल नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी और किशनगढ़बास नगर पालिका अध्यक्ष विश्वास यादव का ग्रामीणों ने फूलमालाएं पहनाकर, पुष्पवर्षा कर और साफा बांधकर स्वागत किया। इस दौरान ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर अमर रहें’ और ‘बाबा साहेब जिंदाबाद’, रामहेत सिंह यादव,विक्रम सिंह चौधरी और विश्वास यादव जिंदाबाद के नारे लगे। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के सामने गांव की समस्याएं रखते हुए विकास कार्यों को गति देने की मांग की। पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने कहा - ग्रामीणों ने जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ उनका स्वागत किया है, उसका ऋण विकास कार्यों की झड़ी लगाकर चुकाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नांगल मोजिया अब तक ग्राम पंचायत का हिस्सा रहा है, लेकिन पहली बार खैरथल नगर परिषद से जुड़ा है। अब यह नगर परिषद के वार्ड संख्या 41 के रूप में शामिल है। यादव ने कहा कि नांगल मोजिया को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। खैरथल नगर परिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने कहा कि नगर परिषद की पहली बैठक में वार्ड 41 की समस्याओं को प्राथमिकता से रखा जाएगा।