नाथद्वारा में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आत्म विजय सेवा संस्था नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र उपली ओडन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, मानसिक परेशानियों को कम करने और जरूरतमंद लोगों को बेहतर सहयोग एवं सेवाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस की शुरुआत वर्ष 1992 में विश्व मानसिक स्वास्थ्य महासंघ की पहल पर हुई थी। हर वर्ष अलग थीम के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाता है। आत्म विजय सेवा संस्था के अध्यक्ष विजय उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2026 की थीम 'लिव्ड एक्सपीरियऐंस हर्ड वॉइसेज रिअल चेंज' है, जिसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े लोगों के वास्तविक अनुभवों और आवाजों को सुनकर सकारात्मक बदलाव लाना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने चिंता, तनाव और मानसिक परेशानियों पर खुलकर बात करने और जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे का सहयोग करने की आवश्यकता बताई। इस दौरान सभी अतिथियों ने अपने विचार साझा किए। आदिवासी विकास समिति उथनोल अध्यक्ष देवी लाल भील, आदिवासी खमनोर ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल भील, समाजसेवी लालूराम भील सहित रमेश मीणा, ओमप्रकाश, मोतीलाल, किशनलाल, कमल, सोहनलाल, पवन, उमाशंकर, डूंगरलाल, कैलाश मीणा पासुनिया, गिर्राज मीणा, योगेश बागोरा और ललित गुर्जर का आत्म विजय सेवा संस्था उपली ओडन के अध्यक्ष विजय उपाध्याय ने उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।