बारां | जनसेवा प्रन्यास की ओर से आमापुरा स्थित राजकीय सहरिया आश्रम में सेवा और बैग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को 70 स्कूल बैग वितरित किए गए। बैग पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैलाशचंद नामा ने की। भरतलाल गुप्ता विशिष्ट अतिथि थे। मुख्य वक्ता हेमेंद्र कुमार थे। महावीर प्रसाद शर्मा भी मौजूद थे। इस दौरान हेमेंद्र कुमार ने कहा कि राष्ट्र सेवा सिर्फ बड़े काम से नहीं होती। रोजमर्रा के छोटे अनुशासन से भी राष्ट्र बनता है। कैलाशचंद नामा ने कहा कि सेवा का मतलब सिर्फ जरूरत पूरी करना नहीं है। आत्मविश्वास बढ़ाना, संस्कार देना, स्वावलंबन की आदत बनाना भी है। उन्होंने शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश दिया। महावीर प्रसाद शर्मा ने कहा कि जनसेवा प्रन्यास सेवा, संस्कार, स्वावलंबन, समरसता के क्षेत्र में लगातार काम कर रहा है। अतिथियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। अंत में अभिभावकों और छात्रावास प्रबंधन ने प्रन्यास को सेवा कार्य के लिए धन्यवाद दिया। संचालन छात्रावास अधीक्षक रमेशचंद्र ने किया। महावीर प्रसाद शर्मा ने अतिथियों, अभिभावकों, छात्रावास प्रबंधकों को धन्यवाद दिया।