आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 10 अक्टूबर को है। इसके सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को तालुका विधिक सेवा समिति, बर की ओर से न्यायालय परिसर में बैठक हुई। बैठक में लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आपसी सहमति से निस्तारण पर जोर दिया। अध्यक्षता अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति बर ने की। अध्यक्ष बार मंडल बर सहित पुलिस विभाग, वित्तीय संस्थाओं, दूरसंचार विभाग एवं विद्युत विभाग के प्राधिकृत अधिकारी मौजूद रहे। नोटिसों की तामील समय पर कराने के निर्देश : बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जारी नोटिसों की समुचित एवं समय पर तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अध्यक्ष ने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य पक्षकारों को आपसी सहमति से सरल, शीघ्र एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है। ऐसे में संबंधित विभाग पक्षकारों को लोक अदालत से मिलने वाले लाभों की जानकारी दें। वित्तीय संस्थाओं के प्राधिकृत अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 10 अक्टूबर को होने वाली अदालत में अधिकाधिक वित्तीय प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।