डीडवाना-कुचामन के लाडनूं तहसील के निम्बी जोधा गांव में जलदाय विभाग ने नहरी परियोजना की पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन के खिलाफ कार्रवाई की है। सहायक अभियंता राजपाल सिंह शेखावत के नेतृत्व में टीम ने अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को पाइपलाइन में फेरूल कनेक्शन से छेड़छाड़ कर अवैध रूप से पानी के कनेक्शन मिले। विभाग ने तेज सिंह पुत्र हुकम सिंह, किशन सिंह पुत्र उम्मेद सिंह और मुकेश पुत्र मेघाराम के खिलाफ पेनल्टी नोटिस जारी किए हैं। 3 दिन में जमा करानी होगी पेनल्टी राशि नहरी परियोजना के अधिशासी अभियंता अजीत सिंह ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी ने अवैध कनेक्शन कर रखा है, तो उसे खुद हटा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि 3 दिन में पेनल्टी राशि जमा नहीं करने पर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। विभाग ने आम जनता से नहरी परियोजना की पाइपलाइन और विभागीय कनेक्शनों से किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करने की भी अपील की है।