पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत बीकानेर जिला परिषद के 41 सदस्यों तथा पहले चरण की चार पंचायत समितियों-खाजूवाला, रुणिया, पूगल और छत्तरगढ़ के 60 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए गुरुवार को लोकसूचना जारी होगी। इसके साथ ही नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिला परिषद के वार्ड 1 से 14 तक के नामांकन एडीएम न्यायालय इजलास में उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, वार्ड 15 से 28 तक के बीडीए सचिव हमेंद्र नागर बीडीए के नए भवन में तथा वार्ड 29 से 41 तक के नामांकन राजूवास कुलसचिव पंकज शर्मा बीडीए के पुराने भवन में लेंगे। वहीं, खाजूवाला पंचायत समिति के नामांकन एसडीएम कार्यालय खाजूवाला, रुणिया के बीकानेर स्थित सहायक कृषि अधिकारी कार्यालय (हॉल-1), पूगल के एसडीएम कार्यालय पूगल तथा छत्तरगढ़ के नामांकन एसडीएम कार्यालय छत्तरगढ़ में संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा लिए जाएंगे। नामांकन पत्र 8 से 13 अक्टूबर तक सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। अवकाश के दिनों में नामांकन नहीं लिए जाएंगे। प्राप्त पत्रों की संवीक्षा 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक तय है, जिसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।