भास्कर न्यूज| मूंडवा पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत पंचायत समिति मूंडवा के 25 वार्डों के लिए गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन 8 से 13 अक्टूबर तक लिए जाएंगे। खास बात यह है कि पंचायत समिति का चुनाव दो चरणों में होने के बावजूद सभी 25 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया पहले चरण में ही एक साथ पूरी की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार दो चरणों में चुनाव होने वाली पंचायत समितियों में दोनों चरणों के वार्डों के लिए नाम निर्देशन की पूरी प्रक्रिया पहले चरण में ही होगी। इसमें लोक सूचना जारी करने से लेकर नामांकन पत्र दाखिल करने, संवीक्षा, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन और अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित करने तक की प्रक्रिया शामिल है। इसलिए किसी ग्राम पंचायत में मतदान दूसरे चरण में होने से पंचायत समिति सदस्य के नामांकन कार्यक्रम में बदलाव नहीं होगा। मूंडवा पंचायत समिति क्षेत्र की 38 ग्राम पंचायतों में से 37 में प्रथम चरण के तहत 22 अक्टूबर को पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान होगा। वहीं नीमड़ी चांदवता ग्राम पंचायत में द्वितीय चरण के तहत 28 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।मूंडवा पंचायत समिति क्षेत्र की 38 ग्राम पंचायतों में से 37 में प्रथम चरण के तहत 22 अक्टूबर को पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान होगा। वहीं नीमड़ी चांदवता ग्राम पंचायत में द्वितीय चरण के तहत 28 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। इधर जिला परिषद के स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से सरपंच पद से त्याग-पत्र के आवेदन प्रस्तुत करने को लेकर आम सूचना जारी की गई है। आवेदन जिला ग्रामीण विकास प्रकोष्ठ कलेक्ट्रेट परिसर के कमरा नंबर 1 में प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर है। इसके बाद संवीक्षा, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया होगी।