जंक्शन के रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित बालाजी मंदिर प्रांगण में 17वें गणेश महोत्सव का छठा दिन श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। स्वर्णकार समाज समिति, मराठा मंडल और जनसहयोग से आयोजित महोत्सव में शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विजय कुमार शर्मा के सान्निध्य में यजमान तरसेम लाल सोनी, कृष्णा देवी, संजीव सोनी और चेतना सोनी ने परिवार सहित भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना कर आरती की। समिति के कोषाध्यक्ष अनिल मराठा के अनुसार यह महोत्सव समाज की एकता और आस्था का प्रतीक है। महोत्सव के अंतर्गत 24 सितंबर को मंदिर प्रांगण में भव्य भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद 25 सितंबर को शोभायात्रा निकालकर गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां सजेंगी और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भक्त नाचते-गाते गणपति बप्पा को विदाई देंगे। इस दौरान स्वर्णकार समाज समिति के संरक्षक सुरेन्द्र सोनी, प्रचारमंत्री अमन सोनी, सुधीर जांगिड़, सूरज सोनी, सतीश सोनी और जितेंद्र बेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।