राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनएमएचपी) के तहत शनिवार को मेडिकल कॉलेज सभागार में चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ। इसमें विभिन्न विभागों के एचओडी, वार्डन, सुपरवाइजर, चिकित्सक व रिसोर्स पर्सन सहित 60 लोग शामिल हुए। मनोचिकित्सा विभाग के एचओडी एवं मनोचिकित्सक डॉ. शकील अंसारी ने ‘मन दर्पण’ के मॉड्यूल की जानकारी देते हुए तनावग्रस्त व मानसिक परेशानी से जूझ रहे लोगों की समय पर पहचान, भावनात्मक सहयोग और उपचार पर जोर दिया। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजय पोरवाल ने मानसिक स्वास्थ्य माह के पोस्टर का विमोचन किया। डॉ. रश्मि गुप्ता ने कार्यक्रम का संचालन किया। अभियान के तहत ‘युवा मन एवं मानसिक स्वास्थ्य’, ‘आई सपोर्ट माय फ्रेंड’, ‘गेटकीपर’, ‘एग्जाम स्ट्रेस मैनेजमेंट’ व ‘वर्कप्लेस स्ट्रेस मैनेजमेंट’ पर जागरूकता गतिविधियां होंगी। मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 व 1800-891-4416 पर संपर्क किया जा सकता है।