पाली में मंगलवार को वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह अम्बेडकर सर्किल पर जुटे और करीब एक घंटे तक धूप में धरने पर बैठे। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पुतला फूंककर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर लोकतंत्र में वोट चोरी करने का आरोप लगाया। अम्बेडकर सर्किल से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपालसिंह निम्बाड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर सर्किल पर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे धरने के बाद कार्यकर्ता पैदल कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। मार्च सूरजपोल और अहिंसा सर्किल होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां पुतला फूंककर विरोध जताया गया। देखें… प्रदर्शन की तस्वीरें जिलाध्यक्ष बोले- सत्ता का दुरुपयोग कर वोट चोरी की जिलाध्यक्ष शिशुपालसिंह निम्बाड़ा ने नगर निगम चुनाव में भाजपा पर बेईमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए अपने पावर का दुरुपयोग कर वोट चोरी की है। इसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ सब कुछ बता दिया था। सत्ता की यह बेईमानी जनता माफ नहीं करेगी। विधायक ने चीफ इलेक्शन कमिश्नर पर लगाए आरोप विधायक भीमराज भाटी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने चीफ इलेक्शन कमिश्नर के रूप में काम नहीं किया, बल्कि बीजेपी के एजेंट के रूप में काम किया। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर सरकार के साथ मिलकर बेईमानी करने का आरोप लगाया। जंजीरों में जकड़कर कार्यकर्ता को कलेक्ट्रेट लाए चीफ कमिश्नर ज्ञानेश कुमार पर बीजेपी का एजेंट बनकर काम करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता एक व्यक्ति को जंजीरों में जकड़कर अपने साथ कलेक्ट्रेट लेकर पहुंची। उसके मुंह पर ज्ञानेश कुमार का स्टीकर लगाया गया था। ये लोग रहे मौजूद प्रदर्शन में कांग्रेस के जबरसिंह राजपुरोहित, नेता महावीरसिंह सुकरलाई, प्रकाश सांखला, जीवराज बोराणा, मंगलाराम चौधरी, सूरबाला काला, आमीन अली रंगरेज, गजेंद्रसिंह मंडली, सोहनसिंह राव, राजूसिंह सोनाईमांझी, अशोक गौड, अमराराम पटेल, गोविंद बंजारा, प्रकाश चौधरी, रफीक गौरी सहित कई कांग्रेसी मौजूद रहे।