पाली में DAP खाद के लिए किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। किसान दो-तीन दिन से खाद लेने के लिए क्रय-विक्रय सहकारी समिति के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रही। शनिवार को किसान नई सब्जी मंडी स्थित क्रय-विक्रय सहकारी समिति पहुंचे तो समिति बंद मिली। किसानों का कहना है कि गांव से बार-बार पाली आने में समय और रुपए दोनों खर्च हो रहे हैं। किसानों ने बताया कि वे सुबह जल्दी घर से निकलकर खाद लेने पहुंचते हैं। कई किसानों के नाम भी लिखे जा रहे हैं, लेकिन खाद उपलब्ध नहीं होने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। वहीं, क्रय-विक्रय सहकारी समिति के कर्मचारियों का कहना है कि DAP खाद के कट्टे खत्म हो गए हैं। सप्लाई आने के बाद दोबारा खाद का वितरण किया जाएगा। फिलहाल एक आधार कार्ड पर किसान को DAP के पांच कट्टे दिए जा रहे हैं। महिला बोली- बच्चों को छोड़ सुबह छह बजे आई मंडिया गांव निवासी मंजू देवी ने बताया कि वह बच्चों को घर पर छोड़कर सुबह छह बजे DAP खाद लेने के लिए आई हैं। वह शुक्रवार को भी खाद लेने पहुंची थीं, लेकिन खाद नहीं मिली। शनिवार को दोबारा आईं तो क्रय-विक्रय सहकारी समिति बंद मिली। उन्होंने कहा कि गांव से बार-बार आने में परेशानी हो रही है। आज भी बंद मिली सहकारी समिति मानपुरा भाकरी निवासी भीमाराम कीर ने बताया कि वह पिछले दो दिन से खाद लेने आ रहे हैं। उनका नाम भी लिखा जा रहा है, लेकिन खाद नहीं दी जा रही। शनिवार को पहुंचे तो क्रय-विक्रय सहकारी समिति बंद मिली। मंडिया गांव निवासी दीपाराम ने बताया कि DAP खाद के लिए उन्हें लगातार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। शुक्रवार को भी खाद लेने आए थे, लेकिन नहीं मिली। शनिवार को समिति बंद मिली। किसानों को बताया जा रहा है कि खाद खत्म हो गई है।