पाली में सीएम भजनलाल शर्मा ने उद्यमियों से कहा कि आप लोग योजनाएं लेकर आइए। हम सहयोग करेंगे। राजस्थान में होटलों की कमी है। इस दिशा में भी ध्यान देना होगा। घर हो या उद्योग, समस्याएं हर जगह आती हैं। समस्या पूरी तरह कभी खत्म नहीं हो सकती। इसलिए समस्याओं का समाधान करते हुए लगातार आगे बढ़ते रहना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती थी कि रोडवेज कभी फायदे में नहीं आ सकता, लेकिन वर्तमान में रोडवेज भी फायदे में चल रहा है। पाली शहर की अग्रसेन वाटिका में आयोजित लघु उद्योग भारती के राज्य स्तरीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को उद्यमियों और प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से 1200 से ज्यादा उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर 1.30 बजे समारोह में पहुंचे। प्रवासी उद्योग लगा रहे मुख्यमंत्री ने उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा- जब प्रवासी उद्यमी राजस्थान में आकर उद्योग लगा रहे हैं, तो यहां के लोग भी उद्योग क्यों नहीं लगा सकते। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार उद्यमियों के साथ खड़ी है और सरकार हर कदम पर उनके सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा- लघु उद्योग भारती ने महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। चूड़ियों पर नगीनें लगाने, मिट्टी के कुल्हड़ की मशीन उपलब्ध करवाने, सिलाई का प्रशिक्षण देने तथा बेटियों को ब्यूटी पार्लर और विभिन्न कौशल सिखाने के माध्यम से हजारों महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करवाया गया है और उन्हें आजीविका से जोड़ा गया है। देखें कार्यक्रम की तस्वीरें… पापड़, गुलाब हलवा और मेहंदी अपनी अलग पहचान लघु उद्योग भारती देश को आगे ले जाने का काम कर रहा है। उन्होंने पाली की पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां का टेक्सटाइल उद्योग, पापड़, गुलाब हलवा और मेहंदी अपनी अलग पहचान रखते हैं। साथ ही रणकपुर को निहारने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी आते हैं। राज्य सरकार लगातार विकास के कार्य कर रही है। उन्होंने उद्यमियों से कहा कि वे सरकार के पास आएं और बताएं कि उन्हें क्या चाहिए। अपनी पूरी योजना तैयार करके सरकार के पास लेकर आएं। सरकार आपके सहयोग के लिए हर कदम पर तैयार है। आप योजना बनाइए और हमारे पास लाइए। मुख्यमंत्री ने जवाई बांध का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पाली के जवाई बांध में पानी आएगा। इसके लिए साढ़े चार हजार करोड़ रुपए का काम चल रहा है। 8500 करोड़ के उद्योग राजस्थान में स्थापित हुए कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से राजस्थान विकसित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से 8500 करोड़ रुपए के उद्योग राजस्थान में स्थापित हुए हैं। मदन राठौड़ ने लोगों से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने से प्रदेश के उद्योगों और उद्यमियों को मजबूती मिलेगी।