पाली शहर के पूर्व सभापति और कांग्रेस नेता प्रदीप हिंगड़ ने अपनी ही पार्टी के विधायक और जिलाध्यक्ष पर बीजेपी का बोर्ड बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। गुरुवार शाम डिस्ट्रिक्ट क्लब होटल में प्रेस कांफ्रेंस कर प्रदीप हिंगड़ ने कहा- पाली नगर निगम चुनाव में कांग्रेस बहुमत में थी। कई निर्दलीय सपोर्ट में थे। आसानी से कांग्रेस बोर्ड बन रहा था, लेकिन कांग्रेस विधायक भीमराज भाटी-जिलाध्यक्ष ने गड़बड़ की। भाजपा का साथ दिया। इससे बीजेपी का बोर्ड बन गया। उन्होंने कहा-इन दोनों के कारण ही कांग्रेस का बोर्ड नहीं बन सका। हमारे पास पूरे सबूत हैं। मैं 29 पार्षदों के साथ जयपुर और दिल्ली जाऊंगा। सारे सबूत दिखाऊंगा कि गद्दार मैं नहीं हूं। हमारे साथ तो धोखा हुआ है। 29 पार्षद अभी भी मेरे साथ, पूछ तो इनको हाइजेक किया क्या? इसके साथ ही हिंगड़ ने कहा- बाड़ेबंदी में सभी 29 पार्षद अपनी इच्छा से मेरे साथ थे। सभी को कसम दिलाकर पूछ लो कि क्या इन्हें वहां जबरदस्ती रखा था या ये अपनी मर्जी से साथ में थे। विधायक ने कहा था निर्दलीय राजबाला को जिताना है इसके साथ ही पार्षद रमेश चावला व अन्य ने दावा करते हुए कहा-विधायक भीमराज भाटी ने कहा था कि जो हो गया वो हो गया। अब सभी निर्दलीय राजबाला को जिताओ और महापौर बनाओ। हिंगड़ ने आरोप लगाया कि पाली विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष के इशारे पर क्रॉस वॉटिंग कांग्रेस के कुछ पार्षदों ने की। उसी का नतीजा है कि बीजेपी ने बोर्ड बना लिया। जिन्होंने क्रॉस वोटिंग की वे विधायक के साथ नजर आए। विधायक भाटी शुरू से ही नहीं चाहते थे कि कांग्रेस में राजनीति में कोई उसके समकक्ष खड़ा हो। इसलिए उन्होंने षड्यंत के तहत राजबाला को हरवाया। हम कांग्रेस के साथ राकेश भाटी ने कहा- हम कांग्रेस के साथ है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने क्रॉस वोटिंग करवाई। जयपुर-दिल्ली जाकर पार्टी के आलाकमान को सबूतों के साथ सबकुछ बताएंगे। ताकि इसे लोगों को बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जाए नहीं तो पंचायत चुनाव में भी गड़बड़ी करेंगे। उप महापौर मेहबूब टी ने कहा कि उन्होंने निर्दलीय उप महापौर का चुनाव लड़ा और वे राजबाला हिंगड़ के साथ है। हकीम भाई ने कहा कि उन्हें कांग्रेस से निष्कासित करने का लेटर जारी किया गया। जबकि उन्हें अधिकार ही नहीं। विधायक पार्षद का चुनाव जीतकर दिखा दें पाली छोड़ दूंगा प्रदीप हिंगड़ ने कहा- जनता ने हमें देखकर वोट दिए हैं। विधायक और जिलाध्यक्ष इसका श्रेय ले रहे हैं। चैलेंज करता हूं कि विधायक भीमराज भाटी पार्षद का चुनाव जीतकर दिखा दें। मैं पाली छोड़ दूंगा।