पाली जिले के जेतपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15.2 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एमडी और बोलेरो कैंपर जब्त कर मामले में जांच शुरू कर दी है। गाड़ी की तलाशी में मिली 15.2 ग्राम एमडी जेतपुर थानाप्रभारी अरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सेदरिया के पास एक बोलेरो कैंपर को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से 15.2 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर पाली के सदर थाना क्षेत्र के गिरादड़ा निवासी मुकेश (31) पुत्र घीसाराम और रूपावास गांव निवासी ओमाराम (35) पुत्र बाबूराम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में एमडी की बरामदगी और आरोपियों से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान थानाधिकारी अरुण कुमार, कांस्टेबल कंवरलाल, विजय सिंह, महीपाल, बलराम, रणवीरसिंह, बाबूराम और भगवानराम शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल महीपाल और बलराम की विशेष भूमिका रही।