पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन का करीब 97 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ ही यहां पाली की स्थानीय कला और संस्कृति की झलक भी नजर आएगी। शनिवार को उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा पाली स्टेशन पहुंचे। उन्होंने यहां उन्होंने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। महाप्रबंधक शर्मा ने स्टेशन पुनर्विकास के नक्शे और लेआउट को भी देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि स्टेशन का विकास भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। अंडरपास में जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन के पास पुनर्विकसित अंडरपास संख्या-28 का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। बारिश के दौरान जलभराव रोकने के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि पाली में रेलवे अंडरपास पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए तकनीकी सुधार किए गए हैं। इसके तहत कुछ नालों के रास्तों में बदलाव कर पानी की निकासी बेहतर बनाने के प्रयास किए गए हैं, जिससे आमजन को राहत मिल सके। पेयजल, प्रतीक्षालय और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया महाप्रबंधक ने स्टेशन के बुकिंग कार्यालय, पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा, यात्री प्रतीक्षालय और पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और निर्माण कार्यों के दौरान रेल यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। अफसरों की रही मौजूदगी निरीक्षण से पहले स्टेशन प्रबंधक ए.के. झा और स्थानीय नागरिकों ने महाप्रबंधक पंकज शर्मा का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) सुनील कुमार, उपमुख्य निर्माण इंजीनियर प्रवेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ललित कुमार, तरुण बीका और अमित स्वामी सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।