पाली में एक विवाहिता से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क पर पाकिस्तानी नंबर से कॉल कर युवक ने 35 लाख रुपए का हार गिफ्ट करने का झांसा देकर 12 लाख 40 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़िता ने साइबर थाने में 28 सितंबर को मामला दर्ज करवाया। पुलिस जांच में जुटी है। हार गिफ्ट करने का झांसा दिया साइबर थाने के सीओ किशोरसिंह ने बताया कि रानी थाना क्षेत्र निवासी एक 38 साल की महिला ने रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उनके मोबाइल पर पाकिस्तानी नंबर से कॉल आया। दोस्ती का झांसा देकर अज्ञात युवक ने कहा कि उसने 35 लाख रुपए की कीमत का सोने का हार खरीदा है जो उन्हें गिफ्ट करना चाहता है। बोला- कस्टम वालों ने पकड़ लिया फिर कॉल आया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे कस्टम वालों ने पकड़ लिया है। यहां रुपए देने होंगे। इस पर उसने ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर किए। उसके कुछ देर बाद कॉल कर कहा कि उसे दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है। ऐसे बहाने कर उसने दो-तीन दिन में उससे 12 लाख 40 हजार रुपए लिए लेकिन हार नहीं दिया। जब उसे ठगी होने का एहसास हुआ तो थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस पीड़िता की रिपोर्ट दर्जकर जांच में जुटी है। गहने भी बेचे, रिश्तेदारों से उधार भी लिए 35 लाख रुपए के हार के लालच में महिला ने अपने कुछ गहने भी बेचे और रिश्तेदारों से रुपए उधार लिए और ठग को भेजे। उसे जब ठगी का अहसास हुआ तब तक बहुत देर हो चुकी थी। साइबर थाना पुलिस ने बताया कि इंडियन मोबाइल नंबर पर रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। मामले की पूरी जांच की जा रही है।