पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिले में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त की अध्यक्षता में 7 अक्टूबर को जिला निर्वाचन अधिकारियों और उप जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग होगी। वहीं, जिले की पंचायत समितियों में प्रधान और उपप्रधान के निर्वाचन की प्रक्रिया के लिए रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से होने वाली वीसी सुबह 11.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। इसमें सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) और उप जिला निर्वाचन अधिकारी शामिल होंगे। आयोग ने वीसी में चर्चा के लिए एजेंडा भी भेजा है और संबंधित बिंदुओं की सूचना अविलंब उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पंचायत समितिवार रिटर्निंग अधिकारी तय : जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) डॉ. इन्द्रजीत यादव ने पंचायत समितियों के प्रधान एवं उपप्रधान के निर्वाचन के लिए रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की है। जिसमें आनंदपुरी, बागीदौरा, बांसवाड़ा, छोटीसरवन, गढ़ी, घाटोल, कुशलगढ़ और सज्जनगढ़ पंचायत समितियों के लिए संबंधित उपखंड अधिकारियों को रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। वहीं अरथुना, छोटी सरवा, छोटी डूंगर, गनोड़ा, नाहरपुरा, सरेड़ी बड़ी, तलवाड़ा तथा गांगड़तलाई के लिए तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी दी गई है। आयोग की 7 अक्टूबर को होने वाली वीसी और रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति को पंचायत चुनाव की आगामी प्रक्रिया की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।