बांसवाड़ा जिले में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। चुनाव की तैयारियों को समय रहते पुख्ता करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह यादव ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में कई विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और चुनाव शाखाओं के प्रमुख कार्मिक विशेष रूप से मौजूद रहे। कलेक्टर ने दिए पारदर्शिता के निर्देश ​बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. यादव ने चुनाव से जुड़ी प्रशासनिक व्यवस्थाओं, मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन, आवश्यक संसाधनों, कार्मिकों के प्रशिक्षण और अन्य विभागीय जिम्मेदारियों पर चर्चा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर कोई परेशानी न आए। ​कलेक्टर ने सभी शाखाओं के कार्मिकों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए सभी आवश्यक कार्य तय समय सीमा के भीतर ही पूरे कर लिए जाएं।