झुंझुनूं | पंचायती राज चुनाव-2026 में ताल ठोकने वाले भावी प्रत्याशियों के लिए राहत की खबर है। नामांकन पत्रों में छोटी-मोटी तकनीकी खामियों और आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण पर्चा निरस्त होने से बचाने के लिए चुनाव आयोग ने पहली बार ‘प्रत्याशी प्रबोधन कार्यक्रम’ लागू किया है। इसके तहत उम्मीदवारों को फॉर्म भरने से लेकर दस्तावेज अटैच करने तक की पूरी प्रक्रिया की ट्रेनिंग दी जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) ने बताया कि विशेष प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को सुबह 11 बजे से एक साथ किया जाएगा। इसमें वार्ड पंच से लेकर जिला परिषद सदस्य का नामांकन दाखिल करने वालों को फॉर्म भरने से लेकर दस्तावेज लगाने की पूरी प्रक्रिया की ट्रेनिंग दी जाएगी। वे 4 प्रमुख बिंदु, जिन पर रहेगी ट्रेनिंग : ग्रामीण प्रत्याशियों को आमतौर पर नियमों और तकनीकी शब्दावली की जानकारी नहीं होती। इससे कई बार वैध प्रत्याशी भी बाहर हो जाते हैं। आरओ की सीधी देखरेख में ये 4 बातें सिखाई जाएंगी। 1. फॉर्म में नाम, वार्ड संख्या, मतदाता सूची क्रमांक, और शपथ पत्र को बिना गलती भरने का तरीका। 2. अयोग्यता संबंधी नियम: चुनाव लड़ने के लिए तय योग्यता के पैमानों की पूरी जानकारी। 3. एनओसी, जाति, व मूल निवास प्रमाण पत्र सही प्रारूप में लगाने का तरीका। 4. नोटरी और कार्यकारी मजिस्ट्रेट से सत्यापित कराए जाने वाले दस्तावेजों की सही प्रक्रिया।