लोक आस्था का महापर्व छठ बिहार में पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के तीसरे दिन राज्यभर के 10 हजार से अधिक घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरे राज्य का माहौल भक्तिमय बना रहा।

पटना में दर्दनाक हादसा
एक ओर जहां छठ की धूम है, वहीं पटना के मिर्जापुर गांव से दुखद खबर सामने आई है। यहां पुनपुन नदी के घाट पर सजावट करने गए चार युवक अचानक डूब गए। स्थानीय रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि तीन युवक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन की टीम लापता युवकों की तलाश में जुटी हुई है।

प्रवासी घर लौटे
छठ पूजा की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि त्योहार के लिए दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े महानगरों समेत विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग अपने गृह राज्य बिहार लौटे हैं। अनुमान के मुताबिक, करीब 50 लाख लोग छठ मनाने घर पहुंचे हैं, जिनमें से 40 लाख लोग ट्रेन और 10 लाख लोग हवाई जहाज, बस और अन्य निजी साधनों से बिहार पहुंचे हैं।

राजनेताओं की उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना के विभिन्न घाटों का निरीक्षण करने पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने घर पर ही छठ पूजा की परंपरा का निर्वहन किया।