जिला पेंशनर कल्याण केंद्र में मंगलवार को जिला कोष कार्यालय की तरफ से साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में चूरू साइबर थाना डीएसपी विजय मीणा ने पेंशनरों को साइबर अपराध के खिलाफ जागरूक किया। डीएसपी मीणा ने बताया कि व्यक्ति अज्ञानता, लोभ और भय के कारण साइबर अपराधियों के चंगुल में फंस जाते हैं और उन्हें ओटीपी बता देते हैं, बैंक खाता की जानकारी दे देते हैं या ऑनलाइन रुपए भेज देते हैं। जानकारी देने और रुपए भेजने के बाद उन्हें पता लगता है कि वे ठगे गए हैं। उन्होंने कहा कि अनजान कॉलर से बात करने से बचे। अगर साइबर अपराधियों के चंगुल में फंस जाए या ठगे जाए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, 1930 पर मामला दर्ज करवाएं। आईटी अधिकारी महावीर सिंह चारण और हैड कांस्टेबल साइबर थाना राकेश शर्मा ने वॉट्सएप, ईमेल, इंटरनेट आदि चलाने में पूर्ण सावधानी बरतने और टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू रखने की सलाह दी। इस अवसर पर पूर्व एएसपी मोहम्मद अयूब, पूर्व डीईओ निसार अहमद खान, बाबूलाल शर्मा, संयुक्त सचिव शेरसिंह चौहान, लक्ष्मण सिंह बीका, विमल भटनागर, महावीर प्रसाद लखेरा, सत्येंद्र कुमार शर्मा, भंवर सिंह परिहार आदि उपस्थित थे। सैयद अंजुम ने आभार जताया। संचालन उपाध्यक्ष ओमप्रकाश तंवर ने किया।