शहर के तीतरड़ी में दो दिन पहले ट्रक की चपेट से महिला की मौत के बाद भीड़ से खलासी की जान बचाने वाले दो एएसआई को एसपी डॉ. अमृता दुहन ने सम्मानित किया। दरअसल, हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने खलासी से मारपीट और जान से मारने का प्रयास किया था। तभी एएसआई लाल सिंह चौहान और सज्जन सिंह ने खलासी को सुरक्षित निकाल कर थाने पहुंचाया। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। इसमें कुछ लोग बाथरूम में छिपे खलासी को बाहर निकालने के लिए दरवाजा तोड़ते हुए दिख रहे थे। दोनों जवानों ने बमुश्किल हालात संभालकर खलासी को बचाया था। इस साहसिक कदम के लिए एसपी डॉ. दुहन ने बुधवार को दोनों एएसआई को प्रशंसा पत्र और 5100-5100 रुपए का इनाम दिया।