जिले के सरकारी कॉलेजों में पीजी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अब प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी। ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 12 अक्टूबर है और इसके दो दिन बाद ही 14 अक्टूबर को मेरिट और प्रतीक्षा सूची सामने आ जाएगी। आवेदन बंद होने के बाद अभ्यर्थियों को सूची के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्रवेश प्रक्रिया का सबसे अहम पड़ाव 21 अक्टूबर रहेगा। मेरिट में जगह बनाने वाले विद्यार्थियों को इसी दिन तक अपने मूल प्रमाण-पत्रों की जांच करवाने के साथ ई-मित्र से प्रवेश शुल्क भी जमा कराना होगा। इसके अगले दिन 22 अक्टूबर को पहली प्रवेश सूची जारी होगी। इसके बाद 23 अक्टूबर से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। आवेदन के बाद 10 दिन में पूरी होगी मुख्य प्रक्रिया प्रवेश कार्यक्रम को देखें तो ऑनलाइन आवेदन बंद होने के बाद कॉलेज स्तर पर सत्यापन के लिए सिर्फ एक दिन रखा गया है। 14 अक्टूबर को वरीयता और प्रतीक्षा सूची आने के बाद विद्यार्थियों के पास दस्तावेज जांच और फीस जमा करने के लिए करीब एक सप्ताह रहेगा। 22 अक्टूबर को पहला प्रवेश बैच तय होगा और अगले दिन से शिक्षण शुरू करने की तैयारी है। कॉलेजों को भी अपने स्तर पर प्रवेश कार्यक्रम का प्रचार करने के निर्देश दिए गए हैं। 12 अक्टूबर : आवेदन की आखिरी तारीख 13 अक्टूबर : कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन का सत्यापन पूरा 14 अक्टूबर : मेरिट व प्रतीक्षा सूची 21 अक्टूबर : मूल दस्तावेजों की जांच और ई-मित्र से फीस जमा करने की आखिरी तारीख 22 अक्टूबर : पहली प्रवेश सूची 23 अक्टूबर : कक्षाएं शुरू