फलोदी में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (RSPCB) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने कृषि भूमि पर संचालित अवैध टेक्सटाइल पर कार्रवाई की। सोशल मीडिया पर मिली शिकायत के बाद टीम ने मौके पर औचक निरीक्षण किया। जांच में इकाई बिना अनुमति संचालित मिली। कानासरिया गांव में संचालित इस टेक्सटाइल मे रंगाई-छपाई का काम होता था। निरीक्षण के दौरान कृषि भूमि पर टेक्सटाइल रंगाई-छपाई में इस्तेमाल होने वाली 4 जिगर मशीनें और अडान चलते मिले। अधिकारियों के अनुसार यह इकाई हबीब पुत्र मुबारक खान द्वारा मुबारक दत्तक पुत्र जानू खान की जमीन पर संचालित की जा रही थी। टीम के मुताबिक इकाई से निकलने वाला रासायनिक अपशिष्ट जल खुले में जमीन पर छोड़ा जा रहा था। पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन को देखते हुए टीम ने जेसीबी की मदद से प्लांट की मशीनरी और अवैध ढांचे को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। इकाई का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया। अपशिष्ट जल के नमूने लिए कार्रवाई के दौरान आरएसपीसीबी की टीम ने मौके से अपशिष्ट जल के नमूने भी लिए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए जोधपुर स्थित क्षेत्रीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत कार्रवाई क्षेत्रीय अधिकारी जगदीश चौधरी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा सुओ-मोटो याचिका संख्या 08/2025 में दिए गए निर्देशों के तहत कृषि एवं आवासीय भूमि पर अवैध रूप से संचालित टेक्सटाइल इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर जिला एवं उपखंड प्रशासन के साथ समन्वय कर त्वरित निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। ऐसी अवैध इकाइयों से संबंधित खाताधारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और खातेदारी निरस्त करने की प्रक्रिया स्थानीय उपखंड प्रशासन द्वारा नियमानुसार की जाएगी। अवैध इकाइयों पर कार्रवाई जारी रहेगी चौधरी ने कहा कि कृषि और आवासीय भूमि पर अवैध रूप से संचालित टेक्सटाइल इकाइयों तथा पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों के खिलाफ निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय नियमों और निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित इकाई और व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।