फलोदी में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के लिए शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 'प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला' हुई। इसमें प्रत्याशियों को चुनाव आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, नामांकन की सावधानियां और किन परिस्थितियों में फॉर्म रद्द हो सकता है, इसकी जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने बताया- कार्यशाला का उद्देश्य सही जानकारी देना है, ताकि गलती से किसी का नामांकन रद्द न हो। प्रत्याशियों की सुविधा के लिए कलेक्टर कार्यालय और रिटर्निंग अधिकारी के दफ्तरों में हेल्प डेस्क भी लगाई गई हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के नामांकन की आखिरी तारीख 13 अक्टूबर है। नियमों का पालन न करने या दस्तावेजों की कमी पर नामांकन रद्द हो सकता है। पूर्व पदों पर रह चुके प्रत्याशियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य है। प्रशासक को चुनाव लड़ने पर पद से इस्तीफा देना होगा।