‘गंगा मैया’ के जयकारों के बीच देवस्थान विभाग की तीर्थ ट्रेन उदयपुर संभाग के 435 यात्रियों को लेकर गंगासागर के लिए रवाना हुई। तीर्थ यात्रा पर निकले ये यात्री 16 अक्टूबर को वापस लौटेंगे। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत शनिवार को उदयपुर के राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन से गंगासागर के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई। गंगा मैया के जयकारों के बीच सहायक आयुक्त देवस्थान उदयपुर जतिन गांधी और सहायक आयुक्त ऋषभदेव दीपिका मेघवाल ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा के लिए सुबह 6 बजे से ही रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देवस्थान विभाग के कार्मिकों ने नितिन नागर और सुमित्रा सिंह के नेतृत्व में यात्रियों के फार्मों की जांच कर उन्हें टिकट आवंटित किए गए। राणा प्रताप नगर स्टेशन से उदयपुर संभाग के कुल 435 वरिष्ठ नागरिक यात्रा पर रवाना हुए। इनमें उदयपुर जिले के 252, चित्तौड़गढ़ के 59, राजसमंद के 33, प्रतापगढ़ के 55, सलूम्बर के 3 तथा बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों के कुल 33 यात्री शामिल हैं। इस विशेष ट्रेन में अजमेर और भरतपुर से भी यात्री शामिल है और इन सभी को मिलाकर कुल 970 यात्री हो जाएंगे। यात्रियों की सहायता और सुविधाओं के लिए 30 कार्मिकों का स्टाफ भी तैनात किया गया है। नि:शुल्क यात्रा, स्वास्थ्य जांच की भी व्यवस्था यात्रियों को यात्रा के दौरान सभी निर्धारित सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। पूरी ट्रेन के लिए कोरमाकांत स्वर्णकार को राजपत्रित अधिकारी एवं रेल प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक डिब्बे में यात्रियों की सहायता के लिए दो सरकारी कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा सहायता के लिए एक डॉक्टर तथा दो नर्सिंगकर्मी भी साथ रहेंगे। 12 अक्टूबर को गंगासागर पहुंचेगी ट्रेन यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, विशेष ट्रेन 12 अक्टूबर को गंगासागर पहुंचेगी। वहां दर्शन के बाद सभी वरिष्ठ नागरिकों को कोलकाता ले जाया जाएगा, जहां उन्हें बेलूर मठ सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा पूरी होने के बाद ट्रेन 16 अक्टूबर को वापस उदयपुर लौटेगी।