सिरोही के उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर पिंडवाड़ा पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए एक कार से 46 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने कार सवार बालोतरा और बाड़मेर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी डोडा पोस्त चित्तौड़ से जालोर ले जा रहे थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। मालेरा चौकी के पास नाकाबंदी, कार की तलाशी में मिला डोडा पोस्त सिरोही एसपी डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिंडवाड़ा थाने के उप निरीक्षक लादू सिंह और डीएसटी टीम प्रभारी अमराराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मालेरा पुलिस चौकी के पास नाकाबंदी की। इस दौरान उदयपुर की तरफ से आ रही एक कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार से 46 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार कर नशीले पदार्थ और कार को जब्त कर लिया। बालोतरा और बाड़मेर के रहने वाले हैं आरोपी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवण कुमार (30) निवासी गुड़ामालानी, बालोतरा और दिनेश कुमार (23) निवासी मोतियों का तला, बाड़मेर के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने डोडा पोस्त चित्तौड़ से जालोर ले जाने की जानकारी दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। एसपी की अपील—नशीले पदार्थों की सूचना पुलिस को दें एसपी डॉ. अजेय सिंह राठौड़ ने आमजन से अपील की है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री या अन्य गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में आमजन के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।