सोसायटी टू अपलिफ्ट रूरल इकोनॉमी (श्योर) ने सुजलॉन फाउंडेशन और सुजलॉन एनर्जी लिमिटेड के सहयोग से सुउदय परियोजना क्षेत्र में सघन पौधरोपण अभियान चलाया। यह अभियान बाड़मेर व शिव ब्लॉक के 16 गांवों में आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रबंधक हनुमान राम चौधरी के अनुसार वन विभाग की नर्सरी निंबला से 2235 पौधे खरीदे गए। इनमें नीम, शीशम, सुरेल, गुलमोहर, सहजन, बेलपत्र, कुम्मट, बैर सहित फलदार, फूलदार और छायादार प्रजातियां शामिल रही। पौधे ग्रामीणों, ग्राम विकास समिति सदस्यों, महिला स्वयं सहायता समूहों और सार्वजनिक स्थानों के लिए निशुल्क वितरित किए गए। इसके बाद सामुदायिक सहभागिता से पौधरोपण कराया गया। चौधरी ने कहा कि जीवाश्म ईंधन के उपयोग और पेड़ों की कटाई से जलवायु परिवर्तन बढ़ रहा है। इसका असर मानव बस्तियों के साथ जैव विविधता पर भी पड़ रहा है।