प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में फिक्की (FICCI) के 100वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए देश के उद्योगपतियों को सख्त नसीहत दी। पीएम ने स्वदेशी अपनाने, उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने और कर्मचारियों के कल्याण पर ध्यान देने की अपील की।
स्वदेशी का महत्व और गांधीजी की सीख
पीएम मोदी ने उद्योगपतियों को याद दिलाया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 100 साल पहले ही स्वदेशी अपनाने का संदेश दे गए थे। उन्होंने कहा, 'आज मुझे वही बात दोहरानी पड़ रही है। मेरी बात मत मानिए, कम से कम गांधीजी की तो सुनिए।' उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वदेशी उत्पादों पर जोर देने की बात कही।
क्वालिटी पर सवाल और उद्योगपतियों को नसीहत
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कंपनियों के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर कहा, 'आप ग्राहकों को भरोसा दिलाने के लिए कहते हैं कि यह एक्सपोर्ट क्वालिटी है। आप देश के लोगों को क्या समझते हैं? क्या वे बेहतर क्वालिटी के हकदार नहीं हैं?' उन्होंने स्पष्ट किया कि 140 करोड़ भारतीय अब जागरूक ग्राहक हैं और कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पादों की गुणवत्ता पर ध्यान देना होगा।
सैलरी और रोजगार पर तीखे सवाल
पीएम ने उद्योग जगत से सीधा सवाल करते हुए कहा कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स 30% से घटाकर 22% किया और 12 लाख रुपये तक की सालाना आय को टैक्स फ्री किया। उन्होंने पूछा, 'क्या कंपनियों ने इसका लाभ उठाते हुए अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या कर्मचारियों की संख्या में इजाफा किया?' पीएम ने उद्योगपतियों से कहा कि वे केवल यह सोचकर न बैठें कि सरकार सब कुछ करेगी, बल्कि उन्हें भी जिम्मेदारी लेनी होगी।
अगले 10 साल का रोडमैप
प्रधानमंत्री ने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे 100 साल का इंतजार करने के बजाय अगले 10 वर्षों में देश के विकास में अपना योगदान तय करें। उन्होंने भरोसा दिया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और कारोबारी बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं और सुझाव साझा कर सकते हैं। बता दें कि फिक्की की स्थापना 1927 में हुई थी और यह भारत का प्रमुख व्यापारिक संगठन है जो सरकार और उद्योग जगत के बीच सेतु का काम करता है।