सवाई माधोपुर के पुलिस लाइन खेल मैदान पर शनिवार को पुलिस और जिला पत्रकार विकास समिति के बीच टी-20 का फ्रेंडली हुआ। इसमें पुलिस टीम ने पत्रकारों की टीम पर सात विकेट से जीत दर्ज की। खेल के समापन पर एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने विजेता और उप विजेता टीमों के खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। जिला पत्रकार विकास समिति सवाईमाधोपुर के संयोजन में पुलिस एवं पत्रकारों के बीच फ्रेंडली मैच खेला गया। पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित इस में पत्रकारों की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की। इस दौरान पत्रकारों की टीम ने 14 ओवर में 104 रन का लक्ष्य दिया। इसे पुलिस की टीम ने तीन विकेट गंवाकर 12 ओवर में हासिल कर लिया‌। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल का जमकर लुत्फ उठाया। मैच के दौरान खास बात यह रही कि एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी व एएसपी नेहा अग्रवाल, सीओ सिटी राजेन्द्र मीणा, मानटाउन थाना प्रभारी सुनील गुप्ता ने पूरा मैच देखा और खिलाड़ियों की हौसला बढ़ाया। एसपी ने कहा- यह बहुत ही सुखद क्षण है। दोनों ही टीमों ने खेल को खेल की भावना से खेला। एक खास सामंजस्य देखने को मिला। ऐसे आयोजन आगे भी होते रहेंगे। उन्होंने दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। साथ ही कॉमेंट्री को थोड़ा रोचक बनाने का सुझाव दिया। मैच का हुआ प्रसारण मैच के शुभारंभ पर पुलिस अधिकारियों ने दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद मैत्री मैच का शुभारंभ हुआ। मैच का सीधा प्रसारण रणथंभौर पत्रिका पर दिखाया गया। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने आयोजन को लेकर जिला पत्रकार विकास समिति सवाईमाधोपुर एवं पुलिस अधीक्षक का आभार जताया। पत्रकार टीम के ओमप्रकाश राव, हेमेन्द्र शर्मा, सतीश वर्मा, राकेश वर्मा ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस टीम के साइबर प्रभारी अजीत मोगा ने एक बेहतरीन पारी खेली और टीम को जीत दिलाई।