पिंडवाड़ा | नगर निकाय चुनाव में चेयरमैन पद के लिए नामांकन की जांच हो चुकी है। जांच के बाद मैदान में अब 3 प्रत्याशी बचे हैं। शुक्रवार को नाम वापसी के बाद सियासी तस्वीर साफ होगी। 25 वार्डों के पार्षदों के चुनाव के बाद चेयरमैन पद को लेकर सियासी घमासान है। वार्ड नंबर 19 से कांग्रेस टिकट पर पार्षद निर्वाचित राकेश रावल ने अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से नामांकन भरा है। वार्ड नंबर 25 से कांग्रेस टिकट पर निर्वाचित अचल सिंह बालिया ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में आवेदन किया है। वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस टिकट पर निर्वाचित अजहरुद्दीन ने अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय के रूप में नामांकन किया है। पार्षदों के बीच समर्थन जुटाने के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। 25 वार्डों में कांग्रेस के 13 पार्षद जीते हैं। कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है। एक कांग्रेस पार्षद के भाजपा का हाथ थामकर चेयरमैन पद के लिए नामांकन भरने से समीकरण बिगड़ रहे हैं। कांग्रेस के जीते 2 अन्य पार्षद भी चेयरमैन पद के लिए दावेदारी कर रहे हैं। चुनाव में भाजपा के 7 पार्षद जीते हैं। 5 निर्दलीय जीते हैं।