पोकरण नगरपालिका के 25 वार्डों के पार्षद पदों के लिए शुक्रवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसबीके राजकीय महाविद्यालय में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण सत्र में जिला निर्वाचन अधिकारी, कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में उनकी भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। सभी कार्मिक राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करें। उन्होंने अधिकारियों को अति-आत्मविश्वास या संशय से बचते हुए नियमों को आत्मसात करने, किसी भी संशय की स्थिति में उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने सभी पात्र मतदाताओं से उत्साहपूर्वक एवं अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की है। राज्य निर्वाचन आयोग के चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिले की निर्वाचन टीम द्वारा तैयार विस्तृत निर्देशिका, प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना की। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम परसाराम सैनी, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम पोकरण हीरसिंह चारण सहित एरिया व सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। प्रशिक्षण में मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री के उपयोग, प्रोटोकॉल तथा आयोग के नवीनतम दिशा-निर्देशों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। दक्ष प्रशिक्षक रामाराम ने वास्तविक मतदान से पूर्व अनिवार्य मॉक पोल प्रक्रिया, मतपत्र लेखा व अन्य प्रपत्र तैयार करने की बारीकियां समझाईं। कार्यक्रम का संचालन विजय बल्लाणी ने किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी परसाराम सैनी ने कार्मिकों को याद दिलाया कि वे आयोग की प्रतिनियुक्ति पर हैं। इसलिए उनका आचरण व व्यवहार पूरी तरह निष्पक्ष दिखना चाहिए। अंतिम प्रशिक्षण व सामग्री वितरण के बाद सभी मतदान दल कड़ी सुरक्षा के बीच अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। दल ने रात को ही केंद्रों पर मोर्चा संभाल लिया।