बारां| जिले के छबड़ा, अटरू और मांगरोल नगर पालिकाओं में 11 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए मतदान दल आज रवाना होंगे। इन तीनों निकाय क्षेत्रों के 95 वार्डों में 95 पोलिंग बूथ बनाए हैं। रवानगी से पहले मतदान दलों को बॉयज पीजी कॉलेज के भीतरी मैदान में अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि दूसरे चरण में छबड़ा, मांगरोल व अटरू नगरपालिका क्षेत्र में मतदान होगा। इसके लिए मतदान दलांे को गुरुवार सुबह 9.30 बजे प्रशिक्षण देकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। रवानगी से पूर्व उन्हें मतदान दिवस पर किए जाने वाले कार्यों, महत्वपूर्ण नियमों, सावधानियों व निर्देशों के बारे में जानकारी दी जाएगी। दूसरे चरण के मतदान की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। प्रशिक्षण स्थल पर मतदान दलों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की सुविधा रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान पर्यवेक्षक अनुराग भार्गव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे। छबड़ा, अटरू, मांगरोल नगर निकायों में 95 बूथों पर मतदान होगा। इनमें छबड़ा में 35, मांगरोल में 35 व अटरू में 25 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। तीनों निकायों में 62728 मतदाता मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इनमें 31978 पुरूष व 30749 महिला, एक ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। छबड़ा में 12085 पुरूष, 11698 महिला, एक ट्रांसजेंडर हैं। मांगरोल में 10036 पुरूष, 9751 महिला तथा अटरू में 9857 पुरूष, 5300 महिला मतदाता हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने निकाय चुनाव को देखते हुए छबड़ा, अटरू और मांगरोल निकायों में सूखा दिवस घोषित करने आदेश जारी किए हैं। द्वितीय चरण के मतदान को देखते हुए 9 सितंबर को शाम 6 से 11 सितंबर को शाम 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। मतगणना के दिन 14 सितंबर को भी संपूर्ण पूरे दिन सूखा दिवस घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक, रिटर्निंग अधिकारी मांगरोल, छबड़ा तथा अटरू तथा जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशों की पालना के लिए पाबंद किया हैं।