प्रतापगढ़ में भादवा बीज के अवसर पर वसीटा धोबी समाज का दो दिवसीय आयोजन शनिवार से शुरू हो गया। पहले दिन शहर के धोबी चौक स्थित आईजी माता मंदिर परिसर में रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें समाज के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रविवार को निकलेगी वाहन रैली जिला प्रवक्ता दिलीप मदनलाल टांक ने बताया - रविवार को धार्मिक और सामाजिक आयोजन होंगे। दोपहर 3 बजे भटपुरा रोड स्थित हनुमान मंदिर से समाज की ओर से बड़ी वाहन रैली निकाली जाएगी। यह रैली शहर के मुख्य रास्तों से होते हुए महामाया गादी माता मंदिर पहुंचेगी। रैली में करीब 500 समाज के लोग, बड़े-बुजुर्ग, युवा और बच्चे शामिल होंगे। सभी आईजी माता के जयकारे लगाएंगे। सुबह निकलेगी महामाया गादी माता की शोभायात्रा समाज अध्यक्ष मदनलाल बरोलिया ने बताया कि रविवार सुबह 9 बजे धोबी चौक स्थित आईजी माता मंदिर से महामाया गादी माता की विशाल शोभायात्रा निकलेगी। इसके बाद मंदिर परिसर में महाआरती और प्रसादी का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में आसपास के गांवों के साथ-साथ तीन राज्यों से बड़ी संख्या में समाज के लोग पहुंचेंगे। लखनऊ से पहली बार प्रतापगढ़ आएंगे पीठाधीश्वर वसीटा धोबी समाज की आराध्य देवी महामाया गादी माता की शोभायात्रा में श्री ज्वालामाता मंदिर, लखनऊ के पीठाधीश्वर अशोक जी महाराज पहली बार प्रतापगढ़ आएंगे। वे शोभायात्रा में शामिल होकर समाज के लोगों को आशीर्वाद देंगे। सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम कार्यक्रम के लिए समाज की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में पुलिस बल तैनात रहेगा।