प्रतापगढ़ जिले के कोलवी गांव में चोरी की एक घटना सामने आई है। यहां अज्ञात चोर रात में एक किसान के खेत में ट्रैक्टर और थ्रेशर मशीन लेकर पहुंचे। उन्होंने 6 बीघा में काटकर रखी सोयाबीन की फसल की थ्रेशिंग कर करीब 20 क्विंटल सोयाबीन चोरी कर ली। सुबह जब किसान जमना लाल पाटीदार अपने खेत पर पहुंचे, तो उन्हें फसल की जगह सिर्फ भूसा बिखरा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के कई ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। इस घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है। कई ग्रामीण रठांजना थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने और चोरी हुई सोयाबीन बरामद करने की मांग की। पीड़ित किसान जमना लाल पाटीदार ने भी अज्ञात चोरों पर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रठांजना थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश जारी है और जल्द ही क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।