प्रतापगढ़ में अफीम डोडाचूरा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 48 किलो 169 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। घंटाली थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी के दौरान मिनी लोडिंग टेम्पो को पकड़ा। पुलिस ने टेम्पो के साथ एस्कॉर्ट में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की बाइक भी जब्त की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जॉगिड़ के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और पुलिस उप अधीक्षक वृत पीपलखूंट दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में घंटाली थानाधिकारी उप निरीक्षक भेमजी गरासिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, घंटाली थाना क्षेत्र के बिचलापाड़ा घाटी में नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान बिना नंबर की हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक को रोककर पूछताछ की गई। बाइक पर दो लोग सवार थे। बाइक सवार ने टेम्पो चालक को भागने का इशारा किया नाकाबंदी के दौरान पीछे से एक मिनी लोडिंग टेम्पो आता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने टेम्पो चालक को भागने का इशारा किया। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर टेम्पो को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। टेम्पो की तलाशी लेने पर उसके पीछे डाले के नीचे विशेष रूप से बनाई गई जगह मिली। इसमें 10 कट्टों में डोडाचूरा भरा हुआ था। वजन करने पर कुल 48 किलो 169 ग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ टेम्पो और बाइक को भी जब्त कर लिया। तीन आरोपी गिरफ्तार, 7.25 लाख रुपए कीमत पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जोधपुर जिले के भोपालगढ़ थाना क्षेत्र के बिरानी निवासी ओमप्रकाश (35), अरनोद के बेडमा निवासी दिनेश (30) और प्रतापगढ़ जिले के रठांजना थाना क्षेत्र के बोरी निवासी लखमीचंद (45) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 25 हजार रुपए है। घंटाली थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।