प्रतापगढ़-मंदसौर रोड पर पिकअप से टक्कर मारकर पिता-पुत्र की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान मोखमपुरा निवासी रजीया बी पत्नी गुलशेर खान पठान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला पर मुख्य आरोपी कुशाल खान पठान के कहने पर मृतक पिता-पुत्र की रैकी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को मोखमपुरा निवासी जावेद खान पठान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पिता शाहबाज खान पठान ने करीब तीन साल पहले कुशाल खान से 7 लाख रुपए उधार लिए थे। इसी पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि 6 सितंबर को शाहबाज खान और उनके बेटे शोयब खान मोटरसाइकिल से प्रतापगढ़ जा रहे थे। इस दौरान बसाड क्षेत्र में अवलेश्वर टोल से आगे प्रतापगढ़-मंदसौर रोड पर पिकअप से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई। हादसा दिखाकर हत्या की साजिश का आरोप पुलिस जांच में हत्या की साजिश में कुशाल खान के साथ हुसैन खान और अलीम खान के शामिल होने की बात सामने आई। दोनों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, पैसों के विवाद के चलते करीब डेढ़ महीने पहले पिता-पुत्र को हादसे का रूप देकर मारने की योजना बनाई गई थी। इसी साजिश में रजीया बी को भी शामिल किए जाने की बात जांच में सामने आई है। रैकी के लिए 2.50 लाख रुपए भेजने का दावा जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुशाल खान की ओर से रैकी करने वालों को देने के लिए 2 लाख 50 हजार रुपए भेजे गए थे। पुलिस के मुताबिक, यह रकम हुसैन खान के जरिए रजीया बी तक पहुंचाई गई थी। पुलिस का आरोप है कि रजीया बी 3 सितंबर को दलौदा से मोखमपुरा पहुंची और कुशाल खान के कहने पर मृतक पिता-पुत्र की रैकी की। जांच में सामने आई इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने रजीया बी को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी पुलिस मामले में साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकता है।