प्रतापगढ़ में 22 साल के युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक पशुओं को पानी पिलाने के लिए बाड़े में गया था। बाड़े में उसने फांसी लगा ली। घटना हथुनिया थाना क्षेत्र के रजोरा गांव में शनिवार सवेरे करीब 11 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, शिव शंकर शर्मा (22) पुत्र ओमप्रकाश शर्मा शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने पशुओं को पानी पिलाने के लिए कुएं पर बने बाड़े में गया था। वहीं उसने फंदा लगा लिया। परिजनों को पता चलने पर वे उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर हथुनिया थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। सहायक उप निरीक्षक दशरथ लाल डांगी ने बताया कि मृतक के बड़े भाई शुभम शर्मा ने मॉर्च्युरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।