राजसमंद | महाविद्यालयीन जीवन की शुरुआत और नए विद्यार्थियों में आपसी मेलजोल बढ़ाने के उद्देश्य से फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। प्रतापपुरा स्थित श्री द्वारकाधीश इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एन्ड साइंस कॉलेज में में नवआगंतुक विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। आयोजन की शुरुआत संस्था निर्देशक सौरभ सिंघवी, डॉ अनिल त्रिपाठी और डॉ हितेश पालीवाल ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रैंप वॉक और प्रतिभा खोज प्रतियोगिताएं रहीं, जिनके जरिए नए सत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में नए छात्रों को कॉलेज के शैक्षणिक माहौल से परिचित कराने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान संस्था निर्देशक सौरभ सिंघवी ने छात्र जीवन में आने वाली चुनौतियों और लक्ष्य प्राप्ति के तरीकों पर अपनी बात रखी। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज प्रबंधन और शैक्षणिक स्टाफ ने नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में विद्यार्थियों का चयन किया गया। इसमें बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र प्रियांशु खड़िया को मिस्टर फ्रेशर और बीए प्रथम वर्ष की छात्रा अनुष्का बंजारा को मिस फ्रेशर चुना गया। अतिथियों ने दोनों विजेताओं को टैग और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन खुशी कंवर सिसोदिया ने किया। इस दौरान डॉ अनिल त्रिपाठी, निर्मल कुमार नायक, बाबूलाल माली, दीपशिखा सनाढ्य, पूजा गायरी, चंद्रिका पटेल सहित कई शिक्षक और जयंत शर्मा, रुद्रप्रताप सिंह राठौड़, शुभम प्रजापत सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।