मंदारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में विप्र फाउंडेशन की ओर से जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बांसवाड़ा नगर परिषद के उपसभापति चंकी शाह ने कहा कि संगठन सम्पूर्ण सनातन समाज को साथ लेकर चलने का संदेश देता है। समारोह में शाह के साथ ही वरिष्ठ पार्षद एडवोकेट दीपक जोशी, कुशलगढ़ के पार्षद नीतेश बैरागी और पार्षद लोकेंद्र वैष्णव का उपरना ओढ़ाकर, पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मान किया गया। आयोजन जोन 1जी के प्रदेश अध्यक्ष योगेश जोशी की अध्यक्षता में हुआ। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने स्वागत किया, जबकि वरिष्ठ पदाधिकारी महेन्द्र त्रिवेदी ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। संचालन प्रदेश महामंत्री विनोद पानेरी ने किया और नगर अध्यक्ष मदन मोहन भट्ट ने आभार जताया। महिला टीम ने प्रार्थना से शुरुआत कराई और समापन पर वंदेमातरम का सामूहिक गायन कराया गया।