पंचायत राज चुनाव से पहले जिला आबकारी विभाग ने पंजाब ब्रांड की अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़ा है। विभाग की टीम ने मंगलवार दोपहर 8 लेन एक्सप्रेस-वे स्थित भगवतगढ़ रेस्ट एरिया से ट्रक को पकड़ा, जिसमें अवैध शराब के कार्टन भरे थे। जिला सहायक आबकारी अधिकारी डॉ. अर्चना राठौड़ ने बताया कि मंगलवार दोपहर सूचना मिली थी कि अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। आबकारी विभाग की टीम 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर पहुंची। टीम को भगवतगढ़ रेस्ट एरिया में एक ट्रक खड़ा मिला। टीम ने संदेह के आधार पर ट्रक की तलाशी ली तो उसमें शराब के कार्टन भरे थे। इस दौरान ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। ट्रक को आबकारी थाने लाया गया, जहां शराब की बोतलों की गिनती की गई। गिनती के दौरान पंजाब ब्रांड की रॉयल चैलेंजर और रॉयल स्टैग शराब की कुल 599 बोतल बरामद हुईं। आबकारी विभाग ने शराब को जब्त कर ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। ट्रक के नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास शुरुआती जानकारी में सामने आया कि यह अवैध शराब सवाई माधोपुर और कोटा क्षेत्र में पंचायत राज चुनाव के दौरान इस्तेमाल किए जाने के लिए लाई जा रही थी। आबकारी विभाग की टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए शराब को जब्त कर लिया। फिलहाल शराब के परिवहन से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। ट्रक के नंबरों के जरिए भी सम्बंधित लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।