न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर हो सकते हैं। ऑकलैंड में एक प्रमोशनल शूट के दौरान उनके दाएं कंधे में चोट लग गई। हालांकि, चोट ज्यादा गंभीर नहीं बताई गई है, लेकिन सीरीज में उनकी उपलब्धता उनके रिहैबिलिटेशन पर निर्भर करेगी।। डाइव लगाकर कैच लेने की कोशिश में चोट लगी रचिन बुधवार को शूटिंग के दौरान डाइव लगाकर कैच लेने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वे सेफ्टी मैट पर गलत तरीके से गिरे और उनके दाएं कंधे में चोट लग गई। मेडिकल टीम ने शुक्रवार को उनकी जांच की। जांच में कंधे की चोट गंभीर नहीं पाई गई। इसके बावजूद न्यूजीलैंड टीम रचिन की वापसी को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहती। वे फिलहाल रिहैबिलिटेशन से गुजरेंगे। भारत-न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज भारतीय टीम 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड दौरे पर होगी। दोनों टीमों के बीच पहले पांच टी-20 इंटरनेशनल खेले जाएंगे। इसके बाद तीन वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज होगी। पहला टी-20 22 अक्टूबर को खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज के बाकी चार मुकाबले होंगे। यह सच में एक बुरी चोट थी- परफॉर्मेंस मैनेजर रवींद्र की चोट के बाद न्यूजीलैंड टीम उन्हें लेकर सावधानी बरत रही है। परफॉर्मेंस मैनेजर माइक सैंडल ने कहा, यह सच में एक बुरी चोट थी। हम रचिन के लिए बहुत दुखी हैं और हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता यह पक्का करना है कि वह अच्छी तरह से ठीक हो जाए और जितनी जल्दी हो सके मैदान पर वापस आ जाए। उन्होंने आगे कहा, हमारे खिलाड़ियों से जुड़े सभी कमर्शियल शूट की तरह, इन एक्टिविटीज पर सभी पार्टियों ने पहले ही सहमति दे दी थी, और सुरक्षा के सही तरीके भी अपनाए गए थे। यह थोड़ा अजीब हादसा था, और हम भविष्य में इस तरह के इवेंट्स के लिए अपने प्रोसेस का रिव्यू करते रहेंगे। न्यूजीलैंड के अहम ऑलराउंडर हैं रवींद्र 26 साल के रचिन रवींद्र न्यूजीलैंड के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देते हैं। उन्होंने 52 टी-20 इंटरनेशनल में 759 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 69 रन है। गेंदबाजी में उन्होंने 26 विकेट लिए हैं और उनका बेस्ट प्रदर्शन 4/27 है।