कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के लॉन्चिंग कार्यक्रम में अपने परिवार और निजी जीवन से जुड़ी कई भावुक बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि अगर सोनिया गांधी को वास्तव में जानना है, तो उन्हें एक बेटे की नजर से देखना चाहिए। राहुल ने अपनी मां के साहस और जीवन की मुश्किलों को खूबसूरती से संभालने की क्षमता की जमकर तारीफ की।
कैंब्रिज में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ गए थे उस रेस्टोरेंट
राहुल गांधी ने कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वे कैंब्रिज में पढ़ाई कर रहे थे, तब वे अपनी तत्कालीन गर्लफ्रेंड को उसी 'वर्सिटी रेस्टोरेंट' ले गए थे, जहां उनके माता-पिता, राजीव गांधी और सोनिया गांधी की पहली मुलाकात हुई थी। राहुल ने बताया, "मैं देखना चाहता था कि मेरे माता-पिता कहां मिले थे।"
राहुल ने हंसते हुए बताया कि उन्होंने वहां वेटर से पूछा कि मेन्यू में क्या अच्छा है, तो वेटर ने उन्हें 'चिकन चैसर' लेने की सलाह दी। इस पर राहुल ने मजाक में कहा, "अगर आप प्यार में पड़ना चाहते हैं तो वर्सिटी रेस्टोरेंट जरूर जाइए, लेकिन वहां कभी 'चिकन चैसर' मत खाइयेगा।" उन्होंने यह भी कहा कि शायद उनकी मां को याद होगा कि खाना बहुत ही खराब था, लेकिन वह पल बहुत खास था।
राजीव गांधी की हत्या के बाद बदल गई जिंदगी
राहुल गांधी ने भावुक होते हुए कहा कि उनके परिवार ने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे दो महत्वपूर्ण स्तंभों को खोया। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी की मौत के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। राहुल के अनुसार, किताब का नाम 'बिलॉन्गिंग' इसलिए रखा गया है क्योंकि वे अपने पिता से जुड़ी थीं और उनके पिता उनसे। पिता के जाने के बाद एक नई, ज्यादा गंभीर मां का रूप सामने आया।
किताब ने तोड़े रिकॉर्ड्स
हार्पर कॉलिन्स इंडिया के अनुसार, 10 नवंबर को लॉन्च हुई सोनिया गांधी की यह किताब पब्लिशिंग इंडस्ट्री के रिकॉर्ड तोड़ रही है। मात्र एक हफ्ते से भी कम समय में इसकी 2 लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। लॉन्च के दिन ही 15,000 से ज्यादा कॉपियां बहुत कम समय में डिलीवर की गईं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।