कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को एक बार फिर भारतीय सभ्यता और संस्कृति से जुड़ी एक तस्वीर साझा कर चर्चा बटोरी है। उन्होंने महाराष्ट्र स्थित प्रसिद्ध एलीफेंटा गुफाओं में मौजूद अर्धनारीश्वर की प्राचीन प्रतिमा का उल्लेख किया। इस प्रतिमा को लगभग 1500 साल पुराना बताया जाता है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, 'मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितनी गहराई से समझ रहा हूं, यह बात उतनी ही स्पष्ट होती जा रही है कि भाजपा और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष वर्चस्ववादी हैं।' उन्होंने आगे आरोप लगाया कि इन लोगों को हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की कोई समझ नहीं है।

छह दिनों में दूसरी पोस्ट

राहुल गांधी का पिछले छह दिनों में यह दूसरा ऐसा पोस्ट है जिसमें उन्होंने धार्मिक प्रतीकों का जिक्र किया है। इससे पहले 17 नवंबर को उन्होंने 12वीं सदी की शिव-पार्वती की एक मूर्ति साझा की थी, जिसमें देवी पार्वती को भगवान शिव की गोद में बैठे हुए दिखाया गया था।

उस पोस्ट के दौरान राहुल ने लिखा था कि डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है जो उन्हें प्रेम को महसूस करने से रोकता है। उस पोस्ट पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और इसे अहंकार से जोड़ते हुए आलोचना की थी।