कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय सभ्यता और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी तस्वीर साझा कर चर्चा छेड़ दी है। रविवार को राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की प्रसिद्ध एलीफेंटा गुफाओं में स्थित अर्धनारीश्वर की प्राचीन प्रतिमा की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की। यह प्रतिमा लगभग 1500 साल पुरानी है।

भाजपा-आरएसएस पर साधा निशाना

तस्वीर साझा करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने लिखा, 'मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझ रहा हूं, यह बात उतनी ही स्पष्ट होती जा रही है कि भाजपा और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष वर्चस्ववादी हैं। उन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की कोई समझ नहीं है।'

छह दिनों में दूसरी पोस्ट

राहुल गांधी का पिछले छह दिनों में यह दूसरा आध्यात्मिक पोस्ट है। इससे पहले 17 नवंबर को उन्होंने 12वीं सदी की शिव-पार्वती की एक प्रतिमा साझा की थी, जिसमें देवी पार्वती को भगवान शिव की गोद में बैठे हुए दिखाया गया था। उस पोस्ट के माध्यम से उन्होंने अपने उस बयान का बचाव किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'खाना खाते वक्त मां पापा की गोद में बैठती थीं।'

असम के मुख्यमंत्री ने की आलोचना

राहुल गांधी की 17 नवंबर वाली पोस्ट पर राजनीतिक विवाद भी हुआ था। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, 'साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं है। यह ऐसा अहंकार है जो व्यक्ति को खुद को ही दिव्य मानने पर मजबूर कर देता है।' उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि जब व्यक्ति ईश्वर के सामने नतमस्तक होने के बजाय स्वयं को ईश्वर की तरह पेश करने लगता है, तब उसका पतन शुरू हो जाता है।