कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने अमेरिका दौरे के दौरान भारत की आर्थिक स्थिति और युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता जताई है। न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत आर्थिक संकट की कगार पर है।
बेरोजगारी और शिक्षा प्रणाली पर सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि देश में बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियां एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं के बीच बढ़ती निराशा का सबसे बड़ा कारण यह है कि उन्हें वर्तमान परिवेश में अपना भविष्य सुरक्षित नहीं दिख रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “हम इस स्थिति का अध्ययन कर रहे हैं और समझने की कोशिश कर रहे हैं। युवाओं में मौजूदा हालातों को लेकर काफी हताशा है, विशेष रूप से मध्यमवर्गीय परिवारों के उन युवाओं में जिन्होंने औपचारिक शिक्षा हासिल की है।”
माता-पिता और युवाओं के बीच बढ़ता अंतर
राहुल गांधी ने भारतीय परिवारों में करियर के अवसरों को लेकर आ रहे बदलावों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि युवाओं और उनके माता-पिता के बीच की खाई चौड़ी होती जा रही है। उन्होंने कहा, “आज के युवा अपने माता-पिता के अनुभवों और सलाह पर सवाल उठा रहे हैं। युवा अपने अभिभावकों से कह रहे हैं कि आपके जमाने के तरीके अब काम नहीं कर रहे हैं और हमें वे रास्ते नहीं अपनाने हैं जिनमें सफलता की गारंटी नहीं है।”
बता दें कि राहुल गांधी अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं। न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बाद वह आज यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो का दौरा भी करने वाले हैं।