निकाय प्रमुखों के चुनावों से पहले बाड़ेबंदी के बीच कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भाजपा और सीएमओ में तैनात आईएएस अफसर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। गहलोत ने एक्स पर लिखा- राजस्थान में लोकतंत्र की सरेआम लूट हो रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय से एक IAS अधिकारी कलेक्टरों और एसडीएमओ को धमका रहा है कि कैसे भी भाजपा का बोर्ड बनाएं। गहलोत ने लिखा- मेयर और चेयरमैन बनाने के लिए भाजपा निर्दलीय और दूसरे दलों के पार्षदों को करोड़ों रुपए की रिश्वत बांट रही है, जो नहीं मानते उन्हें पुलिस भेजकर जबरन उठवाया जा रहा है, धमकाया जा रहा है। करोड़ों खर्च कर जो मेयर-चेयरमैन बनेगा वो जनता की क्या सेवा करेगा? गहलोत ने लिखा- सोचिए, जो व्यक्ति करोड़ों रुपए खर्च कर मेयर-चेयरमैन बनेगा, वह जनता की सेवा करेगा या अपनी लगाई पूंजी वसूलने में जुटेगा? जितनी बड़ी रिश्वत उतनी ही बड़ी वसूली और वह वसूली होगी जनता के लिए बनने वाली सड़कों, पट्टों, नालियों और हर छोटे-बड़े काम की फाइल से। अगले पांच साल जनता को अपने ही शहर में हर काम के लिए बड़ी रिश्वत देनी पड़ेगी। यह सिर्फ भाजपा की राजनीति नहीं, आपकी जेब पर सीधा डाका है। जनता को अब जागना होगा, वरना यह लूट आपके दरवाजे तक पहुंचनी तय है। डोटासरा बोले- जनादेश लूटने वाले हर व्यक्ति की जिम्मेदारी तय होगी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक्स पर लिखा कि जनता का जनादेश लूटने में भूमिका निभाने वाले हर व्यक्ति की वक्त आने पर पूरी जिम्मेदारी तय होगी, ये वादा है। संविधान की शपथ लेकर सत्ता का दुरुपयोग और राजनीतिक दल के कार्यकर्ता की तरह काम करने वालों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। --- ये खबर भी पढ़िए- BJP विधायक नहीं चाहते उनके क्षेत्र से मेयर बने:जयपुर में रोचक बना महापौर का चुनाव; मेयर और डिप्टी मेयर के लिए अलग-अलग लॉबिंग जयपुर नगर निगम में बीजेपी को 150 में से 78 सीटें मिली हैं। बहुमत के बाद अब मेयर और डिप्टी मेयर के लिए नेताओं ने लॉबिंग शुरू कर दी है। (पढ़िए पूरी खबर)