यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिन बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। बैंक यूनियनों का कहना है कि 8 मार्च 2024 के समझौते में 5 दिन बैंकिंग लागू करने पर सहमति बनी थी, लेकिन अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है। इसे लेकर बैंक यूनियनों और भारतीय बैंक संघ (IBA) के बीच बातचीत में भी कोई समाधान नहीं निकला। राजस्थान में जयपुर को छोड़कर अन्य जिलों में 24 सितंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। यूनियनों ने सभी घटक संगठनों के कर्मचारियों से प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लॉइज यूनियन के सचिव टी.सी. झालानी ने बताया- राजस्थान में 1 लाख से ज्यादा बैंक कर्मचारी और देशभर में करीब 9 लाख से ज्यादा बैंक कर्मचारी-अधिकारी हड़ताल में शामिल होंगे। हड़ताल में बैंक यूनियनों से जुड़े कर्मचारी और अधिकारी शामिल होंगे। हड़ताल को लेकर यूनियनों ने दिए निर्देश UFBU ने अपने सदस्यों से 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल में शामिल होने की अपील की है। यूनियन के अनुसार प्रोबेशन पर चल रहे कर्मचारी और अधिकारी भी हड़ताल में शामिल हो सकते हैं और इससे उनके इंक्रीमेंट पर असर नहीं पड़ेगा। यूनियन ने यह भी कहा है कि अलग-अलग कर्मचारियों को बैंक प्रबंधन को हड़ताल में शामिल होने या नहीं होने का अलग से पत्र देने की जरूरत नहीं है। ट्रेनिंग में शामिल कर्मचारी और कैश कलेक्शन जैसे काम से जुड़े कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होंगे। बैंक यूनियनों का कहना है कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई होती है तो उसे उचित मंच पर चुनौती दी जाएगी। राजस्थान में गुरुवार को प्रदर्शन, जयपुर में नहीं होगा यूनियनों की ओर से बताया गया कि राजस्थान में निकाय चुनाव की आचार संहिता के कारण कई जगह प्रदर्शन के कार्यक्रम स्थगित थे। आचार संहिता हटने के बाद अब 24 सितंबर को जयपुर को छोड़कर अन्य प्रमुख केंद्रों पर प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, अजमेर, अलवर और श्रीगंगानगर सहित अन्य जिला व मुख्य केंद्र शामिल हैं। यूनियनों ने सभी घटक संगठनों के कर्मचारियों से प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।