राजस्थान बोर्ड की 10वीं की परीक्षा इस सत्र से दो बार होगी। पहली मुख्य परीक्षा फरवरी-मार्च में होगी। दूसरी परीक्षा मई में होगी। राजस्थान बोर्ड सचिव ने सोमवार को आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार- मुख्य परीक्षा में पास होने वाला छात्र अधिकतम 3 सब्जेक्ट में अपने नंबर सुधारने के लिए दूसरी परीक्षा दे सकते हैं। दोनों में से जिसमें ज्यादा नंबर आएंगे वे फाइनल रिजल्ट में जोड़े जाएंगे। वहीं अगर स्टूडेंट्स मुख्य परीक्षा में अंग्रेजी के साथ ही एक अन्य विषय में फेल हो गए तो सीधे फेल नहीं होंगे। 2 विषयों में (33% से कम वाले) अंक सुधार (EI) के तहत दूसरी परीक्षा देनी होगी। अगर 3 या अधिक विषयों में फेल/अनुपस्थित रहे तो दूसरी परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। अगले साल सभी विषयों से फिर परीक्षा देनी होगी। सप्लीमेंट्री नहीं आएगी 2026-27 से पूरक परीक्षा (Supplementary) की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब उसकी जगह यही दूसरी परीक्षा होगी। मुख्य परीक्षा की परफॉर्मेंस Raj-e-Vault में उपलब्ध होगी, जिससे कक्षा 11 में अस्थाई प्रवेश मिल जाएगा। मुख्य परीक्षा में अधिकतम 2 विषयों में 33% से कम अंक वाले छात्रों को कक्षा 11 में अस्थाई प्रवेश मिल जाएगा। दूसरी परीक्षा के बाद प्रवेश स्थायी होगा। 10वीं में 3 सब्जेक्ट में सुधार कर सकते हैं पहली मुख्य परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है। कक्षा 10वीं के लिए हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, व्यावसायिक शिक्षा और तीसरी भाषा/संस्कृत में से अधिकतम 3 विषय सुधार सकते हैं। विषय बदलने की अनुमति नहीं है। मुख्य और दूसरी दोनों परीक्षाओं के बाद अलग-अलग री टोटलिंग और चेकिंग करवा सकते हैं। लेकिन दूसरी परीक्षा में सिर्फ उसी विषय की रि टोटलिंग और चेकिंग होगी जो चुनी है।