राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण (रेट) की कार्यशैली को लेकर वकीलों ने मिनी सचिवालय स्थित रेट के बाहर गुरुवार को प्रदर्शन किया। वकीलों ने कहा- रेट में तय समय पर सुनवाई नहीं होती है। सुनवाई का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है, लेकिन रेट के कार्यवाहक चेयरमैन और सदस्य अपनी मर्जी से सुनवाई करते हैं। कभी एक घंटे देरी से तो कभी दो घंटे देरी से सुनवाई शुरू होती है। वहीं शाम 5 बजे से पहले ही बेंच सुनवाई बंद कर देती है। इसके चलते अपीलों की सुनवाई में अनावश्यक देरी होने से वकीलों और पक्षकारों में भारी असंतोष है। 4 मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण बार एसोसिएशन जयपुर ने 4 प्रमुख मांगों को लेकर रेट प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है। ज्ञापन में तय समय पर सुनवाई शुरू होने, पारदर्शिता के साथ ओपन कोर्ट में फैसला सुनाने, फैसले वेबसाइट पर अपलोड होने और एक्ट के अनुसार चेयरमैन की नियुक्ति करने की मांग की गई है।